पंजाब के बठिंडा स्थित गुरु गोबिंद सिंह तेल रिफायनरी में शुक्रवार को एक विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान होने का अनुमान है। आग वैक्यूम ग्लास ऑयल ट्रीटमेंट इकाई में सुबह करीब सात बजे लगी।
देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें 40 से 50 मीटर तक उठती दिखाई दीं। रिफायनरी के अग्नि शमन कर्मचारियों ने तुरंत 15 दमकलों के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। इस बीच चार दमकलें बठिंडा नगर निगम की भी वहां पहुंच गईं और लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग से करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। बताया जाता है कि आग लगने के समय वहां बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।