चंडीगढ़। सेक्टर-7 के एक मकान में शुक्रवार देर रात करीब 11.15 बजे स्पार्किंग के बाद स्टोर रूम में आग लग गई। इसके बाद स्टोर में रखा गैस सिलिंडर फट गया। सिलिंडर फटने से स्टोर की टीन की छत भी उड़ गई। इसके अलावा वहां रखी एक बड़ी स्टील की पेटी का ढक्क्न टूट गया। धमाका इतना जोरदार था कि स्टोर की दीवारें भी टूट गईं। हरियाणा पीडब्ल्यूडी में काम करने वाले राजकुमार ने बताया कि उनके घर के पीछे बने स्टोर में अचानक रात को तारों में स्पार्किंग शुरू हुई और उनके घर की लाइट चली गई। इसके बाद स्टोर रूम में रखे सामान में आग लग गई। यहां दो बड़े और एक छोटा सिलिंडर रखा था। आग लगने के बाद भरा हुआ सिलिंडर फट पड़ा। धमाका होते ही परिवार के लोग बाहर निकलकर भागे और घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सेक्टर-17 से आई दमकल विभाग की टीम ने लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पाया। स्टोर में एक पेटी, गद्दे, कपड़े, बच्चों के खिलौने, पुराना टीवी और एक कूलर समेत अन्य सामान रखा हुआ था। यह सभी पूरी तरह से जल गया। धमाके से स्टोर के साथ बने कमरे के शीशे भी टूट गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। राजकुमार ने बताया कि उनकी पत्नी हरियाणा सरकार में आरटीआई विभाग में कार्यरत हैं और उन्हीं के नाम यह मकान अलॉट है।