चंडीगढ़। पीजीआई में निर्माणाधीन एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड केयर बिल्डिंग में स्थित एक कमरे में शुक्रवार शाम को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। पीजीआई अग्निशमन विभाग ने समय रहते तुरंत आग पर काबू पा लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पीजीआई चौकी पुलिस, सेक्टर- 11 थाना पुलिस और दमकल विभाग पहुंचा। आग लगने का कोई कारण अभी सामने नहीं आया है। इमारत निर्माण कार्य के चलते खाली थी।
पीजीआई में शाम 3:55 बजे आग लगी। जिसकी सूचना 4 बजकर 7 मिनट पर 112 नंबर पर दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत पीजीआई पहुंच गई, लेकिन उससे पहले ही पीजीआई अग्निशमन ने आग पर काबू पा लिया था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच चल रही है।