चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित जंगल में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। लगभग 14 एकड़ में फैली आग में छह जंगली जानवर जिंदा जल गए। सेक्टर 38 व सेक्टर 11 फायर स्टेशन से गाड़ियों ने पहुंचकर आग बुझाई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि लगभग सवा तीन बजे फोन आया कि धनास झील के पीछे जंगल में भीषण आग लग गई है। सेक्टर 38 फायर स्टेशन से एक बड़ी व एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची। वहीं सेक्टर 11 फायर स्टेशन से भी एक गाड़ी गई। लगभग 100 एकड़ के क्षेत्र में से 14 एकड़ में आग फैल चुकी थी। कर्मचारियों ने लगभग सवा 2 घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान 6 जंगली जानवर मर गए। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है।