मोहाली के ब्लाक माजरी के अधीन आते पहाड़ी क्षेत्र का सैकड़ों एकड़ जंगल को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हवा के कारण तेजी से आग बढ़ रही है। आग को काबू पाने के लिए जंगलात विभाग कोशिश कर रहा है, लेकिन आग अभी तक काबू में नहीं आ सकी। आग की चपेट में आकर जीव-जंतु भी झुलस गए हैं।
जानकारी अनुसार शिवालिक की पहाड़ियों के जंगल में बुधवार बाद दोपहर समय अचानक आग लग गई। क्षेत्र वासियों ने बताया कि दोपहर में सबसे पहले आग का धुआं गोचर की गोशाला के पास देखा गया, लेकिन तेज हवा के होने कारण यह धुआं कुछ समय में ही आग की लपटों में बदल गया। कुछ समय बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। क्षेत्र वासियों ने बताया कि आग की लपटें तेजी के साथ बढ़ने लगी और शाम होने तक आग मिर्जापुर के मंदिर और जंगलात विभाग के गेस्ट हाउस के पास पहुंच गई।
इसके अतिरिक्त आग का इको-टूरिज्म स्कीम तहत बनाई गई झोपड़ियों तक पहुंचने का खतरा भी पैदा हो गया है। आग ने पंजाब के क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ जंगल को अपनी चपेट में ले लिया है। जबकि साथ लगते हिमाचल प्रदेश सहित हजारों एकड़ एरिया इसकी चपेट में आ गया है। इस आग के कारण जहां महंगी लकड़ी जलने कारण वित्तीय नुकसान हो रहा है वही वातावरण पर भी प्रभाव पड़ रहा है।