पंजाब के लुधियाना के लाडोवाल के गांव भोलेवाल में शनिवार देर रात शार्ट सर्किट से झोंपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। आग लगते ही अंदर बैठे सब लोग बाहर निकल गए, जबकि अपने नाना नानी से मिलने आया हरियाणा के सिरसा का रहने वाला बलजिंदर सिंह (12) जल गया और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना लाडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के बाद बलजिंदर के शव का पोस्टमार्टम करा वारिसों को सौंप दिया। परिजनों ने बलजिंदर का अंतिम संस्कार कर दिया है।
जसपाल सिंह ने बताया कि उनका नाती कुछ दिनों से छुट्टियां बिताने के लिए उनके पास आया हुआ था। शनिवार देर रात उनकी झुग्गी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही सब लोग बाहर निकल आए, जब बलजिंदर बाहर निकलने लगा तो आग ज्यादा फैल गई और वह बाहर नहीं निकल सका।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बलजिंदर पांचवीं कक्षा का छात्र था और स्कूल में छुट्टियां होने के कारण अपने नाना नानी के पास आया हुआ था। थाना लाडोवाल के एसएचओ सब इंस्पेक्टर कंवलजीत सिंह ने कहा कि मृतक के परिवार वालों ने कार्रवाई करवाने से मना कर दिया था।