अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए निगम दफ्तर जाने या लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टैक्स कितना बनता है, इस पर भी माथापच्ची नहीं करनी पड़ेगी।
निगम ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ मिलकर प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा कराने की सुविधा शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम कमिश्नर उमाशंकर गुप्ता और पीएनबी के डीजीएम डीके शर्मा ने सांझे तौर पर नई सेवा का शुभारंभ किया।
निगम कमिश्नर गुप्ता ने बताया कि अब लोग इस नई सेवा ‘ऑनलाइन कलेक्शन ऑफ प्रॉपर्टी टैक्स’ के जरिए प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे उनके समय की बचत होगी और परेशानी भी नहीं आएगी।
इसके लिए नगर निगम की वेबसाइट www.mcmohali.org पर एक खास लिंक दिया गया है। जहां जाकर टैक्स भरा जा सकता है।
इसके अलावा पीएनबी की वेबसाइट www.netpnb.com पर जाकर पेमेंट्स - अंदर पेमेंट्स - एमसी मोहाली के जरिए भी ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया जा सकता है।
इससे सबसे ज्यादा सुविधा उन एनआरआईज को होगी, जिनकी जायदाद मोहाली में है। मोहाली में बड़ी संख्या में एनआरआईज की प्रॉपर्टी हैं। वे लोग विदेशों में बैठ कर ही टैक्स जमा करा सकेंगे।
इसके लिए खास सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। इसमें सिर्फ प्लॉट एरिया और कवर्ड एरिया भरना होगा। उसके बाद वह खुद ही प्रॉपर्टी टैक्स का आकलन करके बता देगा। इस मौके प्रोजेक्ट के चीफ को-ऑर्डिनेटर दलीप सूरी, लीड जिला मैनेजर वरियाम सिंह, अजय जिंदल भी मौजूद थे।