मनीमाजरा। पानी भरने को लेकर विवाद में गांव मौली में रहने वाले 2 भाइयों के घर में घुस कर कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इसमें दिवाकर और उसके भाई मनीष को चोटें आई हैं। पुलिस ने द्वारिका की शिकायत पर पड़ोसी व अन्य हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिवाकर ने बताया कि दुकान के अंदर लगे सार्वजनिक नल से पानी भरने की बात को लेकर उसके साथ वाले कमरे में रहने वाली पड़ोसन और उसके पति ने झगड़ा कर मारपीट की। इसके बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन उन्होंने फोन कर कुछ लोगों को बुला लिया। आरोपियों ने जबरन उनके घर में घुसकर उस पर और उसके भाई मनीष पर हमला बोल दिया। पुलिस टीम ने घायल भाइयों को सेक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया। द्वारका ने बताया कि उसके मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि मनीष के सिर में गहरी चोट लगी है। अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बाद मौलीजागरां थाना पुलिस ने दिवाकर के बयान पर उसके पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावर फरार हैं, उनको पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।