चंडीगढ़ सेक्टर-35 में उस वक्त हंगामा हो गया, जब तीन भाई शराब के नशे में एक भाई की शादी पर होने वाले खर्चे को लेकर आपस में भिड़ गए। मामला इस कदर बिगड़ा कि एक भाई ने चाकू से बड़े भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे माता-पिता पर हमला कर दिया। इसमें बड़ा भाई और माता-पिता तीनों बुरी तरह घायल हो गए।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जीएमएसएच-16 में पहुंचाया, जहां भाई की हालत गंभीर होते देख उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। उधर, परिवार ने पुलिस को मामले की शिकायत देने से इंकार कर दिया है। फिलहाल सेक्टर-36 थाना पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
वारदात बुधवार देर रात करीब 1.30 बजे की है। सेक्टर-35 स्थित एक मकान में अचानक शोरशराबा शुरू हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो परिवार आपस में लड़ झगड़ रहे थे। एक व्यक्ति, युवक और महिला गंभीर रूप से घायल थे। पुलिस ने उन्हें फौरन अस्पताल पहुंचाया।
पुुलिस जांच में सामने आया कि तीन भाई बैठकर आपस में शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक भाई के शादी में आने वाले खर्चे की बात शुरू हो गई।इसके बाद देखते ही देखते कौन कितना खर्चा करेगा इस बात को लेकर तीनों आपस में भिड़ गए। इससे गुस्साए एक भाई ने दूसरे पर चाकू से वार कर दिया।
शोर सुनकर जब मां-बाप ने बीच बचाव किया तो युवक ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि कोई भी मामले की शिकायत देने से इंकार कर रहा है और परिवार का कहना है कि यह उनका घरेलू मामला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।