माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। यूटी प्रशासन की कोरोना वायरस से लड़ने की तैयारियों के मद्देनजर केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बुधवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा व गृह एवं स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता, विशेष स्वास्थ्य सचिव सरप्रीत सिंह गिल, नगर निगम के कमिश्नर केके यादव, डीसी मनदीप सिंह बराड़ और स्वास्थ्य विभाग की निदेशक उपस्थित रहीं।
बैठक में चर्चा की गई कि आने वाले दिनों में त्योहार और सर्दियों का मौसम है, ऐसे में कोरोना के संक्रमण के फैलने की आशंका है। इससे सचेत रहने की जरूरत है। केंद्रीय गृह सचिव ने चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों की सराहना की। बैठक में सलाहकार मनोज परिदा की ओर से कहा गया कि चंडीगढ़ में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट वर्तमान में 90 प्रतिशत है, जबकि शहर के प्रत्येक 12वें नागरिक की कोरोना वायरस की जांच की गई है।
परिदा ने बताया कि कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में रोजाना कोरोना वायरस के 300 से 400 केस सामने आ रहे थे, लेकिन अब इनकी संख्या कम होकर 70 से 80 तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि शहर में बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था पर्याप्त है। परिदा ने शहर के स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों के कामों की सराहना करते कहा कि वह पिछले कई महीनों से बिना रुके, बिना थके काम कर रहे हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर एक जन आंदोलन की शुरुआत की गई है, जिसमें लोगों को पहले से ज्यादा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।