चंडीगढ़। शहर में फरवरी की गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से पांच डिग्री ज्यादा रहा। पिछले 12 वर्षों में यह तीसरी बार है जब फरवरी माह में तापमान 29 डिग्री पहुंचा हो। इस हफ्ते तापमान के 30 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। इससे जहां लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं मौसम वैज्ञानिक भी चिंतित हैं। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि गर्मी के अचानक बढ़ने के कई कारण हैं जिसमें से मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का पूरी तरह से सक्रिय नहीं होना है। ग्लोबल वार्मिंग समेत विभिन्न कारणों की वजह से भी यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से बारिश नहीं हो रही है और गर्मी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि मौसम में आया बदलाव आम लोगों के साथ किसानों को भी काफी प्रभावित कर रहा है। फरवरी में आमतौर पर अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। जलवायु परिवर्तन की वजह से इस बार तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तापमान औसत से पांच से छह डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
वर्ष 2018 में 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वर्ष 2021 में 26 फरवरी को 31.5 डिग्री और 21 फरवरी 2023 को तापमान 29.5 डिग्री तक पहुंचा था। मनमोहन सिंह ने कहा कि एक मार्च के बाद हल्के बादल छा सकते हैं, जिसके बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है।
सीजन में 58 फीसदी कम हुई बारिश
रविवार को शहर का तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री पहुंच गया, जो औसत से दो डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार सीजन में औसत से 58 फीसदी कम वर्षा हुई है। शहर में एक जनवरी से अब तक 27.4 एमएम पानी गिरा है। औसतन सीजन में 40 एमएम के करीब वर्षा होती है।
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मंगलवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगी लेकिन बुधवार को हल्के बादल छा सकते हैं।
पिछले 12 वर्षों में फरवरी माह में रहा अधिकतम तापमान
वर्ष दिन अधिकतम तापमान (सेल्सियस)
2011 06-02-2011 27.0
2012 22-02-2012 27.3
2013 15-02-2013 25.4
2014 27-02-2014 24.8
2015 24-02-2015 27.7
2016 27-02-2016 28.9
2017 21-02-2017 28.7
2018 24-02-2018 29.5
2019 22-02-2019 25.5
2020 14-02-2020 25.8
2021 26-02-2021 31.6
2022 22-02-2022 26.0
2023 21-02-2022 29.5