चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित अनाज एवं सब्जी मंडी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मार्केट कमेटी ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मंडी परिसर में 14 अगस्त की रात हुई हत्या और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ पर लगातार हो रहे हमलों के बाद कमेटी ने चंडीगढ़ के एसएसपी और एसएसपी ट्रैफिक को शिकायत पत्र भेजा है। कमेटी का कहना है कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से व्यापारियों, मजदूरों और कर्मचारियों में भय का माहौल है।
दिसंबर से शिकायतें, फिर भी कार्रवाई नहीं
मार्केट कमेटी के अनुसार मंडी में व्यवस्था सुधारने और अवैध कब्जे हटाने में जुटे आधिकारिक स्टाफ के साथ बार-बार मारपीट और हमले की घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों को लेकर दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 तक पुलिस को कई लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कमेटी के मुताबिक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
रात में हजारों लोगों और ट्रकों की आवाजाही
कमेटी ने बताया कि फल और सब्जियों की मुख्य आमद रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक होती है। इस दौरान मंडी में बड़ी संख्या में व्यापारी, मजदूर और ट्रक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना जरूरी है। कमेटी ने मंडी के अंदर और बाहर 24 घंटे शिफ्टवार पुलिस बल तैनात करने और रात में पीसीआर की लगातार गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, चालान और जरूरत पड़ने पर वाहनों को टो करने की मांग की गई है। मार्केट कमेटी ने चेतावनी दी है कि जल्द पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है और मंडी का कामकाज प्रभावित होकर ठप होने की स्थिति बन सकती है।