पिता बलकौर सिंह और सिद्धू मूसेवाला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला कत्ल कांड के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को अमेरिका के कैलिफोर्निया में पुलिस ने काबू कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे 20 नवंबर को ही पकड़ लिया था लेकिन कैलिफोर्निया पुलिस ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गोल्डी बराड़ को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। उसे जल्द ही पंजाब लाया जा सकता है।
उधर, सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात पर अधिक विश्वास नहीं हो रहा है। अगर गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी की बात सच है तो वह सरकार का धन्यवाद करेंगे। वहीं मानसा पुलिस के एक अधिकारी ने गोल्डी बराड़ को हिरासत में लेने की पुष्टि की और बताया कि उसे बिना पासपोर्ट पकड़ा गया है। उसके खिलाफ दो पुराने केसों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। वह कुछ समय पहले ही कनाडा से कैलिफोर्निया गया था, जहां वह छिपकर रह रहा था। माना जा रहा हैं कि भारत सरकार रेड कार्नर के सबूत अमेरिका सरकार को देकर उसे लाने की कोशिश करेगी।
गुरुवार को सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी को लेकर दो करोड़ रुपये देने का एलान किया था। उन्होंने कहा कि सरकार यह एलान करे वह अपनी जेब से दो करोड़ रुपये सूचना देने वाले को देंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद गोल्डी बराड़ कनाडा में सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों की तादाद बढ़ने और कत्ल का विरोध होने के बाद अमेरिका चला गया था और वहां कैलिफोर्निया में छिपकर रह रहा था।
सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उन्हें इस बारे में मीडिया से ही पता चला है। यह सच है या झूठ उन्हें बहुत ज्यादा तो पता नहीं लेकिन अगर गोल्डी को सच में गिरफ्तार कर लिया है तो वह सरकार का धन्यवाद करेंगे और मांग करेंगे कि गोल्डी बराड़ को जल्द ही पंजाब लाया जाए। बलकौर सिंह ने कहा कि गोल्डी बराड़ विदेश में बैठ कर माताओं के बेटों को मारने की साजिश रचकर पंजाब को बर्बाद कर रहा है और ऐसे व्यक्ति को फांसी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो आज तक लारेंस बिश्नोई ने पुलिस रिमांड के दौरान नहीं बताया वह गोल्डी बराड़ बता सकता है। पंजाब लाकर दोनों को आमने सामने बैठा कर पूछताछ करे। बलकौर सिंह ने कहा कि अगर उनकी जरूरत पड़ी तो वह केंद्रीय एजेंसियों को सहयोग करेंगे लेकिन बेटे को पूरा इंसाफ मिलना चाहिए।