गांधी जयंती पर बापू की बेकद्री कर दी गई। चौक पर खड़ी उनकी मूर्ति को हटाकर रस्सियों से बांधकर पार्क में रख दिया, एक हाथ भी तोड़ डाला गया है। घटना हरियाणा के सोनीपत की है। सरकार महात्मा गांधी के नाम पर स्वच्छता अभियान से लेकर कई अन्य योजनाएं चला रही है और आज गांधी जयंती पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित करके बापू को याद किया गया।
नेताओं से लेकर शिक्षण व सामाजिक संस्थाओं के लोग आज बापू को लेकर बड़ी-बड़ी बातें भी कर रहे हैं, लेकिन यहां उनकी मूर्तियों की खूब बेकद्री हो रही है, इस तरफ कोई ध्यान तक नहीं दे रहा है। शहर में सेक्टर 14 रोड पर गांधी चौक नामकरण करके महात्मा गांधी की मूर्ति लगवाई गई थी, लेकिन उस मूर्ति को नगर निगम ने छह महीने पहले हटवाकर पीछे पार्क में रस्सियों से बंधवा दिया।
जहां गांधी की मूर्ति रस्सियों से बंधक बनी हुई है तो उस मूर्ति का हाथ तक तोड़ दिया गया है। उस मूर्ति की जगह गांधी चौक पर पत्थरों पर नक्काशी कराकर महात्मा गांधी की नई मूर्ति बनवाई गई, लेकिन उसमें भी टूटे हुए पत्थर लगा दिए गए। उन टूटे हुए पत्थरों को रोकने के लिए लोहे की पत्तियां उसमें जड़ दी गई। इस तरह से गांधी की मूर्तियों की बेकद्री हो रही है और नेताओं से लेकर अफसर तक कोई भी बेकद्री दूर करने के लिए कदम नहीं उठा रहा है।
गांधी की मूर्तियों की बेकद्री पर अब नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर रोहताश बिश्नोई ने बताया कि इस बारे में मुझे पता नहीं है और गांधी चौक पर मूर्तियों की बेकद्री को दिखवाकर उनको लगवाया जाएगा या उनको किसी बेहतर जगह पर रखवाया जाएगा।