मासूम बच्चों और पिता की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिछले दिनों गुरदासपुर के कस्बा कलानौर में दो मासूम बच्चों को जहरीली वस्तु देकर पिता ने मौत के घाट उतार दिया था। इन बच्चों में छह वर्षीय बेटी जसप्रीत कौर और चार वर्षीय बेटा हरप्रिंस सिंह शामिल थे। अब मृतक बच्चों के पिता हरपाल सिंह का शव भी बरामद कर लिया गया है। शव को गांव किला लाल सिंह नहर से बरामद किया गया है। उसे कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जबकि घर से फरार मृतक बच्चों की मां की तलाश जारी है।
कलानौर के एसएचओ दिलप्रीत सिंह ने बताया कि चार मार्च को कलानौर में एक बंद घर में दो मासूम बच्चों के शव मिले थे। संदेह है कि मासूम बच्चों के पिता हरपाल सिंह ने उन्हें जहर देकर मारा है, क्योंकि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी उसे और उसके बच्चों को छोड़कर घर से चली गई थी। इस कारण वह मानसिक तौर पर परेशान रहता था। दो दिन पहले गांव किला लाल सिंह की नहर के किनारे से हरपाल सिंह के जूते और कुछ अन्य सामान मिला था। इस पर संदेह जताया जा रहा था कि उसने मासूम बच्चों की हत्या कर आत्महत्या की होगी।
अधिकारी ने बताया कि उसका शव सोमवार देर शाम को किला लाल सिंह नहर से बरामद हुआ। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल यह कहा जा सकता है कि उसने बच्चों को जहर देकर मारा है, क्योंकि उसके घर से जहरीला पदार्थ मिला है। हालांकि बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि उनकी मौत कैसे हुई है। हरपाल सिंह की पत्नी की तलाश की जा रही है।