चंडीगढ़। फैशन शो, एलुमनी मीट और पैनल डिस्कशन के साथ पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित मीडिया फेस्टिवल ‘सोच’ का शनिवार को समापन हो गया। मास कम्यूनिकेशन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एलुमनी मीट के दौरान विभाग से पढ़े और वर्तमान में विभिन्न जगहों पर कार्यरत पत्रकारों ने भाग लिया। उन्होंने विभाग के विद्यार्थियों से मुलाकात की और साथ में उन्हें फील्ड की चुनौतियों से भी रूबरू करवाया।
फेस्टिवल के दूसरे दिन की शुरुआत पैनल डिस्कशन के साथ हुई। इसका विषय ‘साइबर स्पेस : ग्रासरूट मीडिया’ था। इसमें 1995 बैच की वरिष्ठ पत्रकार योजना यादव और पत्रकार चितलीन सेठी ने पैनल को मॉडरेटर के तौर पर संभाला। इनके साथ पत्रकार मनु मोदगिल, पूर्व पत्रकार व पीआर चरणजीत सिंह, विधायक कंवर संधू, ब्रॉडकास्ट के प्रोफेसर जयंत पाटेकर ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस मौके पर सीनियर पत्रकार रितेश लखी वर्तमान में मीडिया की चुनौती के बारे में विचार साझे किए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में हमें अच्छे कहानीकारों की जरूरत है। इस मौकेपर आयोजित एलुमनी मीट में मीडिया से जुड़ी जानी मानी हस्तियों ने शिरकत की। स्कूल ऑफ कम्यूनिकेशन स्टडीज की चेयरपर्सन सुमेधा सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद किया और शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने फैशन में दिखाया जलवा
पैनल डिस्कशन के बाद दोपहर को फैशन शो का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभाग के शिक्षकों ने भी वॉक में भाग लेकर प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की। फैशन शो में लगभग 15 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर सभी टीमों ने अलग अलग थीम पर वॉक की। शाम के समय विद्यार्थियों के लिए स्टार नाइट का आयोजन किया गया। इसमें गायक कुणाल और रैपर साहिर ने शिरकत की।