भाजपा नेता संजय टंडन का घर घेरने निकले किसान।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। केंद्र की मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ महामारी के दौर में भी रार थम नहीं रही है। शनिवार को किसान संगठनों ने सेक्टर-18 में प्रदर्शन किया और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन का घर घेरने की कोशिश की। इस दौरान कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। नौजवान किसान एकता चंडीगढ़ के प्रदर्शन के एलान के बाद शनिवार सुबह से ही भाजपा नेता संजय टंडन के घर के आगे भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घर के चारों तरफ बैरिकेडिंग करवा दी गई। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदर्शन में भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। पुलिस ने किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं को टंडन के घर की तरफ जाने से रोका तो उन्होंने बैरिकेडिंग के सामने ही संजय टंडन और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दीं और कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई गईं।
नौजवान किसान एकता चंडीगढ़ के प्रधान किरपाल सिंह ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार देश के अन्नदाता के विरोध में बनाए गए तीनों कृषि कानूनों को रद्द नहीं करती, तब तक किसान भाजपा के खिलाफ इसी तरह खड़े रहेंगे। किसानों ने यह प्रदर्शन संपूर्ण क्रांति दिवस मनाने की कड़ी में किया है। पांच जून को ही खेती कानूनों के ऑर्डिनेंस के रूप में घोषित हुए एक साल पूरा हो रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने देशवासियों से आह्वान किया था कि वे किसान आंदोलन में समर्थन को जारी रखें और भाजपा के सभी सांसद, विधायक व प्रतिनिधि के दफ्तर के बाहर कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर संपूर्ण क्रांति में अपना योगदान दें।