कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों का विरोध जारी है। सोमवार को हरियाणा के यमुनानगर के साढोरा में चल रहे भाजपा के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में किसानों ने खलल डाल दिया। पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया तो किसानों ने पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ दिए। किसानों के हंगामे के चलते भारतीय जनता पार्टी ने शिविर रद्द कर दिया।