फतेहाबाद में भाजपा के उपवास स्थल पर पहुंचे किसान।
- फोटो : अमर उजाला
कृषि कानूनों के लिए आभार और एसवाईएल के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उपवास रखा। इस दौरान हरियाणा के फतेहाबाद में किसानों ने पुलिस बैरिकेड्स उखाड़ दिए और नारेबाजी करते हुए बीजेपी के उपवास स्थल पर पहुंच गए।
किसानों ने भाजपा के उपवास टेंट में घुसकर भाजपा के पोस्टर फाड़ दिए। पुलिस भी किसानों को रोकने में नाकाम रही। उपवास कार्यक्रम में घुसकर किसानों ने नारेबाजी की। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं सिरसा के रानियां में भाजपा के जिला अध्यक्ष के गांव ओटू के एक निजी पैलेस में कार्यक्रम के विरोध में किसानों ने काले झंडे दिखाए ।
फतेहाबाद के जाखल मंडल से भाजपा मंडल महामंत्री जरनैल सिंह ने किसानों के समर्थन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंडल अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि सरकार द्वारा किसानों की आवाज नहीं सुनने से उन्हें ठेस पहुंची है। वह मांग करते हैं कि जब किसान चाहते ही नहीं हैं तो तीनों कृषि कानूनों को सरकार रद्द कर दे।
वहीं रोहतक के मेडिकल मोड़ पर ताऊ देवीलाल और डॉ. मंगलसेन की प्रतिमा के नीचे भारतीय जनता पार्टी ने एसवाईएल के मुद्दे पर एक दिन का उपवास कार्यक्रम किया था। इस दौरान शाम चार बजे युवा किसान विरोध करने पहुंचे।