पंजाब के शंभू व खनौरी बाॅर्डर पर किसान आंदोलन के वीरवार को 284 दिन पूरे हो गए। इस मौके पर शंभू बॉर्डर पर किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने एलान किया कि शुक्रवार को दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा की ओर से सांझी बैठक की जाएगी। इसके बाद बाद दोपहर साढ़े तीन बजे दोनों जत्थेबंदियों की ओर से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया नई दिल्ली में प्रेसवार्ता करके आंदोलन के आगे के ब्लू प्रिंट का एलान किया जाएगा।
पंधेर ने कहा कि 26 नवंबर को किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। इसके बाद छह दिसंबर को शंभू बॉर्डर से किसानों का जत्था पैदल मार्च करता हुआ दिल्ली के लिए कूच करेगा। इसके अलावा बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन को मजबूत करने व अन्य संघर्ष के कार्यक्रमों का एलान शुक्रवार को दिल्ली में बैठक करके किया जाएगा।