गन्ने की पिराई शुरू होने वाली है और सरकार ने साफ कर दिया है कि इस बार गन्ने के रेट नहीं बढ़ाए जाएंगे। इसके बाद किसान संगठनों ने भी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। दोआबा किसान संघर्ष कमेटी ने बुधवार से लुधियाना-जालंधर नेशनल हाईवे पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।
पंजाब में गन्ने का रेट 285-300 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि पड़ोसी राज्य हरियाणा ने इस बार कीमत बढ़ा कर 330 रुपये और उत्तर प्रदेश ने 325 रुपये कर दी है। किसान संगठन भी कम से कम 10 रुपये प्रति क्विंटल रेट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार ने पिछले साल पांच रुपये बढ़ाए थे, राज्य ने वही बढ़ोतरी की। पिछले पांच साल में सिर्फ ये पांच रुपये गन्ने का रेट बढ़ा और इस दौरान मजदूरी 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। बुधवार से गुरदासपुर की कीड़ी चीनी मिल में गन्ने की पिराई शुरू होनी थी। इसे देखते हुए दोआबा किसान संघर्ष कमेटी ने बुधवार से आंदोलन का एलान किया है।
हालांकि लेबर न मिलने की वजह से पिराई स्थगित हो गई। अब सभी मिलों में 20-21 नवंबर तक पिराई शुरू होगी। संघर्ष कमेटी के प्रधान मनजीत सिंह राय ने कहा कि पंजाब में गन्ने का रेट सबसे कम है, कुछ साल पहले हरियाणा केरेट यहां से कम थे। सरकार के रवैये के विरोध में बुधवार को लुधियाना-जालंधर नेशनल हाईवे स्थित चहेडू़ पुल पर दिन भर जाम लगाया जाएगा। अगर इस दौरान सरकार ने कोई आश्वासन दिया तो ठीक, वरना यह जाम अनिश्चितकाल तक बढ़ा दिया जाएगा। सिर्फ रात को धरना हटाया जाएगा।