टमाटर की फसल पर ट्रैक्टर चलाता किसान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब में बरसात आफत बनकर आई है। गेहूं के अलावा सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। लौंगोवाल के पास गांव किला भरियां में बारिश के कारण किसान की सात एकड़ में लगी टमाटर की फसल बर्बाद हो गई। मजबूरन किसान को ट्रैक्टर से टमाटर की फसल को नष्ट करना पड़ा।
पीड़ित किसान जगतार सिंह ने बताया कि उन्होंने सात एकड़ जमीन पर टमाटर की खेती की थी और प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपये का खर्च किया था लेकिन बारिश ने फसल को बर्बाद कर दिया। इससे करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, खेत में भरे पानी को उन्होंने निकालने की कोशिश भी की लेकिन लगातार बारिश होने से फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर से फसल को नष्ट कर दिया। किसान जगतार सिंह ने सरकार व प्रशासन से बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा देने की मांग की।
यह भी पढ़ें- Punjab Weather News: पंजाब में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, खेतों में बिछी गेहूं की फसल
दूसरी तरफ बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा देने के संबंध में भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) ने डिप्टी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल को मांग पत्र सौंपा। यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि बेमौसमी बारिश के कारण किसानों की बड़े पैमाने पर फसल और सब्जियां बर्बाद हुई हैं।
प्रशासन इन फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा किसानों को दे। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण गेहूं ही नहीं बल्कि चने, सरसों और टमाटरों की फसल को अधिक नुकसान हुआ है। डिप्टी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल ने किसानों को आश्वासन दिया है कि जल्द किसानों की बर्बाद फसलों की गिरदावरी करवाई जाएगी और मुआवजा दिया जाएगा।