थाना कुलगढ़ी के गांव झोक हरिहर में शनिवार को कर्ज से परेशान किसान ने जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। किसान के पास सात एकड़ जमीन थी जिसमें वह आर्गेनिक खेती करता था। उसने बैंक, को-आपरेटिव सोसाइटी, आढ़ती और भाईचारे से 20 लाख रुपये कर्ज ले रखा था और उसको चुका नहीं पा रहा था।
गुरचरण सिंह वासी गांव झोक हरिहर ने बताया कि उनका एकलौता बेटा कुलदीप सिंह (45) आर्गेनिक खेती करता था। वह मूलरूप से सब्जियों की पैदावार करता था। उसके पास सात एकड़ जमीन थी। इसके साथ ही वह अन्य किसानोंकी जमीन पर भी खेती करता था।
पिता ने बताया कि कुलदीप पर बैंक व को-आपरेटिव के आठ लाख रुपये, आढ़ती के सात लाख रुपये व भाईचारे के पांच लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज के कारण कुलदीप हमेशा परेशान रहता था। कर्ज उतारने के लिए उसने कई प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो सका। कुलदीप के दो छोटे बेटे हैं।
दो दिन में सुसाइड की दूसरी घटना
सूबे में दो दिन में दूसरे किसान ने खुदकुशी की है। इससे पहले वीरवार को पटियाला के गांव फतेहपुर गढ़ी में नरिंदर सिंह नामक किसान ने खेत में जहर पीकर खुदकुशी कर ली थी।