इंसानियत नाम की चीज ही नहीं रह गई, परिजन 7 महीने के मासूम को पॉलिथीन में लपेट कर ठंड में ठिठुरने के लिए सड़क पर फेंक गए। मामला हरियाणा के हिसार का है। ऑटो मार्केट में शुक्रवार सुबह साढे़ 10 बजे टॉयलेट के साथ एक पॉलिथीन में एक नवजात मिला है। नवजात लगभग सात महीने का बताया जा रहा है। इसका वजन 1 किलो 300 ग्राम है। सामान्य वेट ढाई किलो होता है।
नवजात को मिस्त्रियों ने सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पड़ाव चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऑटो मार्केट में सार्वजनिक शौचालय के पास ढंढूर का देसराज चाय की रेहड़ी लगाता है। सुबह साढे़ दस बजे एक ट्रक ड्राइवर ने उसे बताया कि दीवार के साथ बाहर पॉलिथीन में एक नवजात लिपटा हुआ है।
देसराज और दो-तीन लोगों ने वहां जाकर पॉलिथीन चेक की तो बच्चा मिला। नवजात को कार में सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां चेकअप कर उसे नीकू में भेजा गया। बच्चे को गंभीर हालत होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पड़ाव चौकी के एएसआई युद्धबीर सिंह ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने उनको बच्चा दाखिल होने की सूचना भेजी है। हमने बच्चा फेंकने के संबंध में अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।