चंडीगढ़। खुड्डा अलीशेर के एक मकान में चोरों ने उस वक्त चोरी की, जब परिवार शादी में शामिल होने गुरुग्राम गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने घर से लाखों रुपये के जेवरात समेत छह लाख रुपये की नकदी चुरा ली। पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो मामला पुलिस तक पहुुंचा। सेक्टर-11 थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ आईपीसी 380 के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात 10 से 19 फरवरी के बीच की है। पुलिस को दी शिकायत में शकुंतला ने बताया वह परिवार समेत खुड्डा अलीशेर के मकान नंबर-89 में रहती है। उनके बेटे की शादी गुरुग्राम में थी। पूरा परिवार 10 फरवरी से ही गुरुग्राम गया था। बीते वीरवार को पड़ोसियों ने फोन पर बताया कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। परिवार जब घर पहुंचा तो देखा कि घर की अलमारी से छह लाख रुपये नकदी, तीन सोने की अंगूठी, चेन, सोने का हार, कंगन, मंगलसूत्र, झुमका समेत अन्य जेवरात चोरी हो गया था। शिकायत पर सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। वहीं वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।