शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की चौथी कक्षा की पुस्तक में प्रकाशित शहीद सुखदेव थापर की पढ़ाई जा रही जीवनी को भ्रमित करने वाला व झूठा करार दिया।
शहीद सुखदेव थापर के वंशज व ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक थापर व चेयरमैन कर्ण थापर ने पाठ्य पुस्तकों में शहीद सुखदेव के जीवनी के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार ने चौथी कक्षा की पंजाबी पुस्तक में सुखदेव थापर कि जगह राजगुरु की तस्वीर लगा दी है।
इसके अलावा उनकी चचेरी बहन का नाम गौरा सुखदेव बताकर युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन से जुड़े इतिहास की झूठी जानकारी देकर अपमान कर रही है। इसके खिलाफ जल्द ही शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट शहीद सुखदेव थापर के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों का खुलासा कर राज्य सरकार की तरफ से प्रकाशित झूठे इतिहास की पोल खोलेगा।
अशोक थापर ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने पुस्तक के लेखक, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन, सचिव सहित अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई न की तो ट्रस्ट देशभक्त संगठनों व समाज सेवी संस्थाओं को साथ लेकर राज्य के शिक्षा मंत्री का घेराव कर काले झंडे दिखाएगा।