आग की झूठी सूचना पर दौड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
फायर ब्रिगेड कालका की टीम शुक्रवार को कौशल्या डैम पर आग की झूठी सूचना पर दौड़ी चली आई। टीम जब डैम पर पहुंची तो पता चला कि कोई आग ही नहीं लगी है। सूचना गलत है। फायरमैन बलवीर सिंह, प्रमोद कुमार एवं ड्राइवर चांद ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे एक मोबाइल से कॉल आई कि कौशल्या डैम पर आग लगी है।
जब उससे से निश्चित जगह पूछी गई तो बताया कि कौशल्या डैम पर पहुंच कर कॉल कर लेना। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम कालका से कुछ ही मिनटों में डैम पर पहुंच गई। लेकिन डैम पर किसी भी तरह की आग नहीं थी। जिस नंबर से फोन किया गया उस पर फोन मिलाया तो व्यक्ति ने फोन नहीं उठाया। डैम पर मौजूद कर्मियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि डैम की ओर से किसी ने भी आग की सूचना फायर ब्रिगेड कालका को नहीं दी गई है और न ही यहां आग लगी है।
जब इस झूठी सूचना पर पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए इंचार्ज फायर ब्रिगेड कालका चरनदास से बात की तो उन्होंने बताया कि जिस नंबर से फोन आया है उस नंबर की जानकारी आला अधिकारियों को दे दी है। आगे की जो भी कार्रवाई होगी वह प्रक्रिया चल रही है।