पंचकूला। जिले के कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को राहत मिली है। अब वह एडमिशन के लिए सात जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। एडमिशन की प्रक्रिया में इस बार वेबसाइट धीमी चलने के कारण रजिस्ट्रेशन करवाने में विद्यार्थियों को समस्या हो रही है। समस्या को देखते हुए उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से आवेदन करने का समय बढ़ा दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। पंचकूला जिले के सेक्टर-1 पीजी कॉलेज, सेक्टर-14 राजकीय महिला महाविद्यालय, कालका महाविद्यालय, मोरनी और रायपुररानी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अप्लाई करने में राहत मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को आने वाली समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। सेक्टर-1 पीजी कॉलेज की प्रिंसिपल बबीता वर्मा ने बताया कि एडमिशन में आने वाली परेशानियों को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग ने रजिस्ट्रेशन के लिए समय बढ़ा दिया है। इससे एडमिशन के लिए अप्लाई करने वाले छात्रों को राहत मिलेगी। विद्यार्थियों को बीए, बीएससी, बीकॉम सहित अन्य स्ट्रीम में अप्लाई करने के लिए वक्त मिल गया है। इससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
दिनभर साइबर कैफे में परेशान रहे छात्र
बरवाला के सुधीर कुमार ने बताया कि उन्होंने ग्रेजुएशन के लिए अप्लाई किया लेकिन वेबसाइट धीमी चल रही थी। इस कारण उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। दिनभर विद्यार्थी साइबर कैफे सहित फोन से रजिस्ट्रेशन करने में परेशान रहे। वहीं, पंचकूला के अनूप गुप्ता ने बताया कि साइट धीमी होने से परेशानी आई है। अब रजिस्ट्रेशन का समय बढ़ा दिया गया है। अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।