अगर आपको टिकट संग्रह का शौक है और आप इसे लोगों के सामने लाना चाहते हैं या फिर आप विभिन्न तरह के टिकटों का कलेक्शन देखना चाहते हैं तो भारतीय डाक विभाग आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है।
डाक विभाग 6 फरवरी से सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में 4 दिवसीय राज्य स्तरीय टिकट संग्रह प्रदर्शनी ‘पनपैक्स-2016’ आयोजित कर रहा है। इसमें पंजाब और हिमाचल के कुछ हिस्से से लोग ही हिस्सा ले सकते हैं और डाक टिकटों के अपने संग्रह को प्रदर्शित कर सकते हैं।
डायरेक्टर डाक सेवाएं मनीषा बंसल ने बताया कि विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में 150 डिस्पले फ्रेम होंगे। एक फ्रेम के दोनों और मिलाकर 300 डिस्पले होंगे। एक फ्रेम में करीब 32 टिकट प्रदर्शित की जाएंगी। इसके लिए पंजाब और हिमाचल से काफी एंट्री आ चुकी हैं।
प्रदर्शनी में दुर्लभ डाक टिकट देखने को मिल सकेंगे। इनमें प्रसिद्घ शख्सियतों, ऐतिहासिक धरोहरों, हेरिटेज, कल्चर आदि पर आधारित दुर्लभ डाक टिकटों का संग्रह शामिल होगा।
इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें कल्चरल, पत्र लेखन, स्टैंप डिजाइन पर वर्कशॉप, स्टैंप डिजाइन आधारित प्रतियोगिताएं होंगी। ये 3 वर्ग में अलग-अलग थीम पर आधारित होंगी। पहले वर्ग में क्लास 1 से 5 तक जिसकी थीम होली होगी।
वहीं दूसरे वर्ग में क्लास 6 से 8 तक के स्टूडेंट्स होंगे, जो ‘पतंग उड़ाना’ थीम पर और तीसरे वर्ग में क्लास 9 से 12 तक के स्टूडेंट्स शामिल होंगे। इनकी थीम फोक डांस होगी।
अपनी स्टैंप भी बनवा सकेंगे
डायरेक्टर मनीषा बंसल के अनुसार प्रदर्शनी में ‘माई स्टैंप’ का विशेष काउंटर होगा। यहां आने वाले लोग खुद की डाक टिकट भी बनवा सकेंगे। इसके लिए विभाग उनसे केवल 300 रुपये लेगा। साथ ही इस 3 दिवसीय कार्यक्रम में होने वाली सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी उनकी फोटो वाली डाक टिकट गिफ्ट की जाएंगी।