निगम ने जारी की फायर सेफ्टी एडवाइजरी, पानी और रेत की बाल्टी रखने की सलाह दुकानदारों को भी सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। दिवाली पर आगजनी और हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने शहरवासियों के लिए फायर सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। निगम ने लोगों से सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत ''''''''स्वच्छ दिवाली, शुभ दिवाली 2026 अभियान चलाया जा रहा है।
निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इसे जिम्मेदारी के साथ मनाना चाहिए। पटाखे जलाते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें और आसपास सफाई का भी ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से इस्तेमाल किए गए पटाखों के अवशेषों को सुरक्षित तरीके से निपटाने की अपील की।
एडवाइजरी के अनुसार
-पटाखे जलाते समय पास में पानी और रेत से भरी बाल्टी रखें।
-आतिशबाजी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
सूती कपड़े पहनें और आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का इस्तेमाल करें।
जो पटाखे नहीं जलते, उन्हें दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
इमारतों, वाहनों, दुकानों, बिजली के उपकरणों और ज्वलनशील वस्तुओं के पास पटाखे न जलाएं।
बंद कमरे या डिब्बे में आतिशबाजी करना भी खतरनाक हो सकता है।
-जूते और सुरक्षा चश्मे का उपयोग करें।
उत्सव के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा काे प्राथमिकता दें।
मामूली जलन के लिए प्रभावित एरिया पर ठंडा पानी डालें,यदि आवश्यक हो तो डॉक्टर से परामर्श करें।
पटाखे जलाते समय टाइट सूती कपड़े पहने।
पटाखे बेचने वाले दुकानदारों को भी दिए निर्देश
पटाखा विक्रेताओं को दुकानों में निर्धारित सुरक्षा दूरी बनाए रखने।
बिजली की सुरक्षित वायरिंग करने और नो स्मोकिंग के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दुकानों में पानी, रेत और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने होंगे।
दुकानों के अंदर मोमबत्ती, लाइटर या माचिस का इस्तेमाल करने से बचें।
इसके अलावा तय सीमा के अनुसार ही पटाखों का भंडारण और बिक्री करने को कहा गया है।
निगम कमिश्नर ने व्यापारियों, दुकानदारों और मार्केट एसोसिएशनों से सुरक्षा व सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा है। आग लगने की स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल करने या नजदीकी फायर स्टेशन से संपर्क करने की अपील की गई है।