कहते हैं शराब जितनी पुरानी हो, उतना ही अच्छी होती है लेकिन करीब 14 साल पुरानी शराब अब होटल जेडब्ल्यू मैरियट के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है। चेकिंग के दौरान बिना होलोग्राम के 14 साल पुरानी शराब की बोतलें मिलने के मामले में एक्साइज डिपार्टमेंट के अफसर भी हैरान हैं। फिलहाल मामले को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन ने होटल को शोकॉज नोटिस जारी कर दिया है और होटल को अपना पक्ष रखने के लिए दो अगस्त तक का समय दिया है।
बता दें कि अभिनेता राहुल बोस को दो केले का 442.5 रुपये का बिल थमाने के मामले में एक्साइज डिपार्टमेंट की ओर से होटल पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगने के बाद होटल जेडब्ल्यू मैरियट में बिना 34 होलोग्राम की लगी शराब की बोतलें पकड़ी थीं। इसमें 7 बोतलें रोशम रिजर्व कंपनी की मिली थीं, जिनकी बिक्री चंडीगढ़ में प्रतिबंधित है। इसके बावजूद होटल में इस शराब की बिक्री की जा रही थी। एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने चेकिंग के दौरान चिवास रीगल शराब की 12 बोतलें बिना होलोग्राम के जब्त की। ये बोतलें करीब 12 साल पुरानी बताई जा रही हैं।
इसके अलावा विभाग ने क्रेगनामोर की 10 बोतलें बरामद कीं। ये भी 12 साल पुरानी बताई जा रही हैं। वहीं, क्रेनलिस की 4 शराब की बोतलें मिली हैं जो करीब 14 साल पुरानी हैं। इसके अलावा डिपार्टमेंट को ब्लू इंटीकुटी की भी एक बोतल शराब मिली है। इस संदर्भ असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर आरके चौधरी का कहना है कि होटल में 14 साल पुरानी शराब कैसे बिना होलोग्र्राम के बिक रही थी, जो एक संगीन मामला है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि शराब बिना होलोग्राम के कैसे होटल तक पहुंची।
वहीं पूरे मामले में एडिशनल एक्साइज कमिश्नर आरके पोपली का कहना है कि बिना होलोग्राम के इतनी पुरानी शराब कैसे होटल में बिक रही थी। इसके लेकर होटल को नोटिस जारी कर दिया गया है। उनका कहना है कि आगामी दो जुलाई को होटल मैनेजमेंट को तीन बजे बुलाया गया है। होटल का पक्ष जानने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
10 होटल, रेस्टोरेंट, बार और ठेकों को भी भेजी गई नोटिस
डीसी कम एक्साइज कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ के निर्देश के बाद एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने एक्साइज नियमों को तोड़ने वालों पर नकेल कस दिया है। डिपार्टमेंट की ओर से बीते दिनों ताबड़तोड़ शहर के कई बड़े होटलों, रेस्टोरेंट्स, डिपार्टमेंट्ल स्टोर और शराब के ठेकों पर छापामारी की गई है। कहीं शराब की बोतलों पर होलोग्राम नहीं मिला, तो कहीं पर रजिस्टर मेंटेन नहीं था।
वहीं कुछ रेस्टोरेंट्स में बगैर परमिशन ऑफर पर पार्टी में शराब परोसी जा रही थी। इस संदर्भ में एडिशनल एक्साइज कमिश्नर आरके पोपली का कहना है कि बड़े होटलों, रेस्टोरेंट और शराब के ठेकों पर छापामार कार्रवाई की गई है। एक्साइज एक्ट के उल्लंघन पर दस को शोकॉज नोटिस भेजा गया है। इनको दो अगस्त को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है।
इसमें मैरियट सहित 7 होटल, 2 ठेके और एक डिपार्टमेंट स्टोर शामिल है। जिन्हें नोटिस भेजा गया है, उनमें सेक्टर 26 रेस्टोरेंट मेनलैंड चाइना, सेक्टर 26 रेस्टोरेंट बारगेन बोज, सेक्टर 26 रेस्टोरेंट पर्पल फ्रॉग, सेक्टर 26 रेस्टोरेंट कल्चर, इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 रेस्टोरेंट ए यूनिट ऑफ न्यूड फूड, इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 रेस्टोरेंट हार्स शो बॉर एक्सचेंज, सेक्टर 9 डिपार्टमेंटल स्टोर पंजाब स्टोर, सेक्टर 36 शराब का ठेका और सेक्टर 40 शराब का ठेका शामिल हैं।