चंडीगढ़। आबकारी विभाग ने मंगलवार को अवैध शराब की 15 हजार बोतल पकड़ी। बाजार में इसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। यह भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की बोतलें है। विभाग की टीम देर शाम शहर के अलग - अलग शराब की दुकानों पर पहुंची। जांच की तो बड़े पैमाने पर आईएमएफएल की बोतलें मिलीं। इसमें डड्डूमाजरा, सेक्टर-10, सेक्टर-24, सेक्टर-29, सेक्टर-35, मौलीजागरां और मनीमाजरा की दुकानें शामिल रहीं, जहां ये शराब की अवैध बोतलें बरामद हुईं। अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए स्टॉक में आबकारी अधिनियम का उल्लंघन होने का संदेह है। आबकारी विभाग ने बयान में बताया है कि कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।