चंडीगढ़। सीबीआई अदालत में मंगलवार को अर्द्धसैनिक बल में एएसआई पद के लिए लिखित परीक्षा में गड़बड़ी करने के मामले में दोनों पक्षों ने अंतिम दलीलें पेश कीं। सीबीआई अदालत के जज सुशील कुमार गर्ग बुधवार को एसएससी के पूर्व निदेशक नवीन सहगल समेत अन्य आरोपियों की सजा पर फैसला सुनाएंगे।
बता दें कि 7 मार्च 2014 को नवीन सहगल समेत 12 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। हालांकि, मामला 14 लोगों पर दर्ज किया गया था। इनमें से सौरभ कांत और राजपाल सरकारी गवाह बनने के लिए राजी हो गए थे। अदालत ने पूर्व निदेशक नवीन सहगल, सतीश कुमार, दुष्यंत कुमार, प्रीतम सिंह, दीपक दहिया, राकेश शर्मा, दिनेश कुमार, सुबोध गौड़, दीपक संधू, हरगोबिंद, चित्रा वसु और संदीप को आरोपी बनाया था। इन सभी आरोपियों पर लिखित परीक्षा में जालसाजी, धोखाधड़ी और अनियमितता बरतने का आरोप है।
यह है मामला
सीबीआई को 2011 में शिकायत मिली थी कि अर्द्धसैनिक बल में एएसआई पद के लिए हुई लिखित परीक्षा में गड़बड़ियां हुई हैं। जांच में पता चला था कि अंबाला स्थित परीक्षा केंद्र के एक ही कमरे में बैठे 9 आवेदक अव्वल आए थे। छापेमारी में सीबीआई को अव्वल आने वाले उम्मीदवारों के भिवानी स्थित घर से संदिग्ध कागजात मिले थे। इस दौरान सीबीआई को पता चला था कि एसएससी के कई कर्मचारी इस गड़बड़ी में शामिल थे। वहीं, परीक्षा में उत्तीर्ण न होने वाले दो उम्मीदवारों ने भी सीबीआई में शिकायत की थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था।