परमप्रीत कौर मर्डर केस के दोनों मुख्य आरोपियों सास परमजीत कौर और पति हरप्रीत सिंह के खिलाफ बुधवार को सीबीआई कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी किए। पटियाला जेल प्रशासन ने दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं। जहां सीबीआई आरोपियों को केस में पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी।
पटियाला के कश्मीरियां वाला टोभा इलाके में रहने वाली विवाहिता परमप्रीत कौर (29) की 23 फरवरी 2013 को हत्या कर दी गई थी। इस केस में बाद में कोतवाली थाना पुलिस ने मृतका के पिता अमरजीत सिंह सोढ़ी के बयान पर सास परमजीत कौर, बेटे हरप्रीत सिंह व तत्कालीन मेयर जसपाल प्रधान को नामजद किया था।
एफआईआर में परमजीत कौर व हरप्रीत सिंह को पूर्व मेयर की पत्नी व बेटा लिखा गया था। पिता सोढ़ी की याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बाद मेंइस केस की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। बुधवार को सीबीआई ने स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट सीबीआई पंजाब बलजिंदर सिंह की कोर्ट में याचिका देकर केस के दोनों मुख्य आरोपियों परमजीत कौर व हरप्रीत सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी करने की अपील की थी।
ताकि इस केस में हत्या के पीछे आरोपियों की मंशा व साजिश के बारे में जांच हो सके। कोर्ट ने इस याचिका को मंजूर करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया है। पटियाला जेल प्रशासन को आरोपियों को 12 सितंबर को सुबह पेश करने के लिए कहा गया है। दोनों आरोपी इस केस में फिलहाल पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद हैं।