पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शिअद की ही पैदायश हैं और उन्होंने एक बार विधानसभा सीट का टिकट न मिलने पर पार्टी का साथ छोड़ दिया था। वह रविवार को फरीदकोट में पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष व पूर्व खेतीबाड़ी मंत्री गुरदेव सिंह बादल के निधन पर अफसोस जताने पहुंचे थे।
इस मौके पर पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि गुरदेव सिंह बादल ताउम्र शिअद के वफादार बने रहे और बिना किसी पद की लालसा के साथ शिअद की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तो राजनेता ओहदों के लालच में कुछ घंटों में ही पार्टी बदल जाते हैं। नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि उन्हें भाजपा ने बहुत कुछ दिया लेकिन उन्होंने पार्टी छोड़ने से पहले कोई हिचकिचाहट नही दिखाई।
कुछ ऐसा ही काम मनप्रीत सिंह बादल ने किया। कांग्रेस के मौजूदा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहले अकाली दल में थे और टिकट न मिलने कारण उन्होंने भी शिअद का साथ छोड़ दिया था, लेकिन गुरदेव सिंह बादल की वफादारी को शिअद कभी भुला नहीं पाएगा। विधानसभा चुनाव में हार का स्वीकार करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि हमें पंजाब की जनता से कोई शिकवा नहीं है लेकिन जनता को जल्द ही कांग्रेस के झूठे सब्जबाग धुंधले नजर आने लगेंगे।