पीजीआई के प्रो. सोनू गोयल बोले- कम प्रदूषण का मतलब प्रदूषण मुक्त नहीं, पटाखों की संख्या बढ़ी तो बिगड़ सकती है शहर की हवा
बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी की जरूरत
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है लेकिन आतिशबाजी का उत्साह कहीं आपकी सेहत पर भारी न पड़ जाए। बाजार में इन दिनों ग्रीन पटाखों को पारंपरिक पटाखों के सुरक्षित विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। ग्रीन पटाखे भी पूरी तरह प्रदूषण मुक्त नहीं होते। इनसे निकलने वाले धुएं में बारीक प्रदूषक कण और हानिकारक गैसें मौजूद हो सकती हैं। ऐसे में पटाखों की संख्या जितनी अधिक होगी, हवा में प्रदूषण बढ़ने की आशंका भी उतनी ही रहेगी।
पीजीआई के कम्युनिटी मेडिसिन एवं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के प्रो. सोनू गोयल के अनुसार, ग्रीन पटाखों का उद्देश्य पारंपरिक पटाखों की तुलना में प्रदूषण के उत्सर्जन को कम करना है, न कि उसे पूरी तरह समाप्त करना। इनकी रासायनिक संरचना में बदलाव किया जाता है, जिससे पार्टिकुलेट मैटर और कुछ गैसों का उत्सर्जन कम हो सके। इसके बावजूद इनके जलने से हवा में प्रदूषक तत्व पहुंचते हैं। इसलिए ग्रीन पटाखों को पूरी तरह सुरक्षित मानकर अधिक इस्तेमाल करना सही नहीं है।
बॉक्स
कम कण भी फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं
प्रो सोनू गोयल ने बताया कि पटाखों से निकलने वाले PM2.5 जैसे बेहद बारीक कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे सांस लेने में परेशानी, खांसी और सांस संबंधी बीमारियों के लक्षण बढ़ सकते हैं। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों के साथ हृदय रोग से पीड़ित लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों पर प्रदूषित हवा का असर अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है। ऐसे लोगों को आतिशबाजी वाले स्थानों से दूर रहना चाहिए और धुएं के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए।
बॉक्स
ज्यादा पटाखे फूटे तो दो घंटे भी पड़ सकते हैं भारी
चंडीगढ़ में दिवाली पर रात आठ से दस बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति है। निर्धारित समय में भी यदि बड़ी संख्या में पटाखे जलाए जाते हैं तो हवा की गुणवत्ता तेजी से प्रभावित हो सकती है। दिवाली 2025 पर शहर के कुछ निगरानी केंद्रों में रात आठ बजे के बाद AQI 300 के पार पहुंच गया था। सेक्टर-53 में 304, सेक्टर-39 में 318 और पीईसी सेक्टर-12 में 312 दर्ज किया गया था। इससे स्पष्ट है कि कम समय में भी आतिशबाजी का असर हवा पर दिखाई दे सकता है।