चंडीगढ़। शहर में अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन पर एस्टेट ऑफिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन विंग ने सेक्टर-26 और सेक्टर-18 में कुल छह बूथों को सील कर दिया। यह कार्रवाई एसडीएम (ईस्ट) के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-26 के बूथ नंबर 15, 25, 34, 70 और 132 को सील किया गया जबकि सेक्टर-18 के बूथ नंबर 4 पर भी ताला जड़ दिया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सभी बूथों को बंद किया और संबंधित स्थानों पर नोटिस भी चस्पा किए। अधिकारियों के मुताबिक इन बूथों के खिलाफ अनधिकृत गतिविधियों, नियमों के उल्लंघन और निर्धारित शर्तों का पालन न करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जांच के बाद कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। एस्टेट ऑफिस के अधिकारियों के मुताबिक शहर में अवैध कब्जों और नियमों की अनदेखी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।