रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर की फिटिंग का काम शुरू हो चुका है। एक एस्केलेटर को तो प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर फिक्स भी किया जा चुका है।
अब दूसरा एस्केलेटर अगले दो से तीन दिनों में फिट कर दिया जाएगा। एस्केलेटर को चलाने के लिए इसका इलेक्ट्रिकल वर्क चल रहा है और 15 जनवरी तक इसका ट्रायल भी किया जाएगा।
ट्रायल के दौरान इसकी फंक्शनिंग चेक की जाएगी। वहीं उम्मीद की जा रही है कि एक महीने में यह प्रोजेक्ट पूरा कर लिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर पिछले दो सालों से जिस प्रोजेक्ट के पूरा होने का बेसब्री से इंतजार था, वह अब आखिरी चरण में पहुंच चुका है। स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने की घोषणा 2011 में हो गई थी। इसके बाद से इस पर काम चल रहा था
यात्रियों को होगा फायदा
एस्केलेटर लगने से यात्रियों को काफी सहूलियत हो जाएगी। यात्री अपना भारी-भरकम सामान लेकर आसानी से सीढ़ियां चढ़-उतर सकेंगे। वहीं निशक्त यात्रियों को भी सीढ़ियां चढ़ने में दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा एस्केलेटर लगने से स्टेशन की लुक भी काफी बदल जाएगी।
साढ़े तीन करोड़ का प्रोजेक्ट
रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने का काम 2012 में शुरू हुआ था। शुरुआत में स्थानीय सांसद पवन बंसल के रेल मंत्री रहते काम काफी तेजी से चला, लेकिन बाद में उनके मंत्री पद से हटते ही काम ठप पड़ गया था। इसी बीच कांट्रैक्टर भी कुछ विवादों के कारण काम छोड़कर भाग गए। ऐसे में जो प्रोजेक्ट पहले डेढ़ करोड़ का था, बाद में साढ़े तीन करोड़ तक पहुंच गया।
वीरवार रात से एस्केलेटर की फिटिंग का काम चल रहा था। अब दूसरा एस्केलेटर भी फिक्स कर दिया जाएगा। हम कोशिश कर रहे हैं कि 15 जनवरी तक इसका ट्रायल कर फंक्शनिंग चेक कर ली जाए।
- गुलशन कुमार, सीनियर डीसीएम, अंबाला