चंडीगढ़। अबकी बार आप न्यू चंडीगढ़ के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच देखने जाएंगे तो आपको स्टेडियम के रास्ते से लेकर पार्किंग के साइन बोर्ड बताएंगे कि आपको किस दिशा में जाना है। इसके साथ ही अबकी बार मैच में इंट्री डिजिटल कर दी गई है।
यह बात पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान बताई गईं।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम न्यू चंडीगढ़ में 6 से 10 जून 2026 तक होने वाले ऐतिहासिक भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के इस नए स्टेडियम में खेला जाने वाला पहला ऐतिहासिक टेस्ट मैच होगा। बीसीसीआई के दिशानिर्देशों के अनुसार विकेट (पिच) और आउटफील्ड को तैयार किया जा रहा है।
इसके साथ ब्रॉडकास्टर्स और विज्ञापन पार्टनर्स के साथ मिलकर स्टेडियम में एलईडी पेरीमीटर बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और स्टेटिक ब्रांडिंग लगाने का काम तेजी से चल रहा है। इस बैठक में पीसीए के कार्यवाहक सीईओ कर्नल विक्रांत सिंह, पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ अन्य लोग भी शामिल हुए।
सभी संबंधित सरकारी विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए गए हैं। सचिव मीत हेयर ने स्वयं स्टेडियम का दौरा कर तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीसीए दोनों टीमों, मैच अधिकारियों, ब्रॉडकास्टर्स और दर्शकों को विश्व स्तरीय सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।