शहर के नामी तीन कॉन्वेंट और कुछ प्राइवेट स्कूलों में एंट्री लेवल पर दाखिले के लिए शुक्रवार को लकी ड्रॉ निकाले जाएंगे। लेकिन ड्रॉ के बाद कम चेहरों पर खुशी दिखी। अधिकतर चेहरे मायूस होकर लौटे।
लगभग सभी स्कूलों में कुल सीटों की आधे से अधिक सीटें लकी ड्रॉ के जरिये पहले ही भरी जा चुकी थीं। स्कूलों ने सिबलिंग, एल्युमनी, टीचर्स स्टॉफ सहित विभिन्न कोटे के तहत दाखिले के बाद बची सीटों पर ही ड्रॉ आयोजित किया।
शुक्रवार सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-26 स्थित सेंट जोंस और सेक्रेड हार्ट की करीब 520 सीटों पर दाखिला दिया गया।
सेक्टर-9 कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 120 सीटों के लिए 975 आवेदन फॉर्म आए थे। जानकारी के अनुसार जनरल कोटे के तहत 45 सीटों के लिए लकी ड्रॉ हुआ।
5 छात्राओं को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। सेक्टर-26 स्थित सेंट जोंस स्कूल की 160 सीटों के लिए कुल 700 आवेदन फॉर्म आए थे। 86 जनरल कैटेगरी की सीटों के लिए ड्रा निकाला गया।
सेक्टर-26 सेक्रेड हार्ट की 240 सीटों के लिए 1100 आवेदन आए थे। 80 सीटें विभिन्न कैटेगरी के तहत रिजर्व की गईं। जनरल कैटेगरी में 160 सीटों के लिए ड्रॉ निकाला गया। सेक्टर-26 सेंट कबीर स्कूल में नर्सरी की कुल 90 सीटों के लिए 1200 आवेदन आए। कुल सीटों में से40 जनरल कोटे के तहत लकी ड्रॉ से भरी गईं। रिजर्व कोटे में 39 सीट सिबलिंग, 9 एल्युमनी और 2 सीटें स्टाफ कोटे के तहत भरी गईं। 8 विद्यार्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया।
आज जारी होगी लिस्ट
शुक्रवार को जिन कॉन्वेंट और प्राइवेट स्कूलों में ड्रा हुआ उनकी लिस्ट सोमवार तक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। वीरवार को सेंट ऐंस स्कूल में हुए ड्रा की लिस्ट स्कूल वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। ड्रा में सफल कैंडिडेट्स के दाखिले की अगली प्रक्रिया के बारे में वेबसाइट पर ही जानकारी दी जाएगी।
नाम न आने पर छलके आंसू
बेटे-बेटी का पसंद के स्कूल में दाखिले के लिए सैकड़ों अभिभावक शुक्रवार को तीन कॉन्वेंट और सेंट कबीर स्कूल में पहुंचे। लेकिन ड्रॉ के बाद कई माताएं बच्चे का दाखिला न होने पर रो पड़ीं। उधर स्कूल प्रबंधकों ने ड्रा में सिर्फ रजिस्ट्रेशन स्लिप लाने वाले अभिभावकों को ही एंट्री दी।
भवन विद्यालय में 23 को लकी ड्रॉ
कॉन्वेंट स्कूलों के बाद अब प्राइवेट स्कूलों में सेक्टर-33 स्थित भवन विद्यालय और सेक्टर-40 स्थित डीपीएस में दाखिले की उम्मीद बची है। जानकारी के अनुसार भवन विद्यालय में 23 जनवरी को नर्सरी की 100 सीटों और डीपीएस में 20 जनवरी को 150 सीटों के लिए ड्रॉ होगा।
सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें
शहर के नामी कॉन्वेंट स्कूलों में लकी ड्रॉ के कारण दोपहर बाद जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। सेक्टर-26 स्थित सेंट जोंस, सेक्रेड हार्ट की मुख्य सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस ने रॉन्ग पार्किंग पर कई गाड़ियों का चालान भी किया।