चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च में मास्टर इन इंजीनियरिंग (एमई) में दाखिले के लिए होने वाली पीयू सीईटी की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। इसे लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से सोमवार को नोटिस जारी किया गया। उम्मीदवारों को फीस रिफंड की जाएगी। ये फैसला एमई के चार कोर्स के लिए किया गया है। पीयू की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, एमई इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग (इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग (कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (मैन्यूफेक्चरिंग टेक्नोलॉजी) के लिए पीयू सीईटी पीजी की दाखिला परीक्षा रद्द की गई है। नोटिस में कहा गया है कि दाखिला लेने के इच्छुक उम्मीदवार संस्थान में सीधा संपर्क कर सकते हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी से मिली जानकारी के अनुसार एमई के विभिन्न कोर्स में तय सीटों से बहुत कम आवेदन दाखिले के लिए मिल रहे हैं। इसलिए बिना प्रतिस्पर्धा के दाखिले में प्रवेश परीक्षा आयोजित करवाने का कोई औचित्य नहीं है। उम्मीदवारों की ओर से दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मई थी। एप्लीकेशन फीस की कीमत दो हजार रुपये थी।
निट्टर में कोर्स में उपलब्ध सीटें
एमई कोर्स सीटें
इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग - 23
कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग - 23
सिविल इंजीनियरिंग - 45
मैकेनिकल इंजीनियरिंग - 23
पेशेवर और छात्र दोनों को मिलेगा दाखिला
निट्टर के एमई कोर्सेज में दाखिले के लिए छात्रों के साथ पेशेवर उम्मीदवार भी दाखिला ले सकते हैं। इसके लिए बीई में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं। इसके अलावा एक या दो साल का शैक्षणिक, इंडस्ट्री, रिसर्च का एक्सपीरियंस होना चाहिए। इसके साथ ही हाल ही में बीटेक पास करने वाले उम्मीदवार भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कोट्स...
प्रशासन ने रुझान को देखते हुए लिया फैसला
संस्थान की ओर से बैठक आयोजित कर पीयू सीईटी-पीजी की परीक्षा निट्टर के एमई कोर्स के लिए स्थगित की गई है। इसका कारण एमई कोर्स में उम्मीदवारों का रुझान कम होना है।
-डॉ. जगत भूषण, परीक्षा नियंत्रक, पीयू