भारत-इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-1 से आगे है। सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट धर्मशाला में तीन मार्च को खेला जाना है। धर्मशाला पहुंचने से पहले चार दिन के अंतराल में इंग्लैंड टीम बैन स्ट्रोक्स के नेतृत्व में बुधवार दोपहर बाद शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शाम चार बजे पहुंच गई। पूरी टीम औद्योगिक क्षेत्र स्थित होटल हयात में ठहरी है। टीम शहर में कई दिन रुकेगी। वीरवार को इंग्लैंड की टीम चंडीगढ़ गोल्फ क्लब पहुंचकर गोल्फ स्टिक लेकर गोल्फ कोर्स पर हाथ आजमाएगी।
गोल्फ कोर्स पूरी तरह से तैयार
चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के प्रधान रविबीर सिंह ने बताया कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम वीरवार को 12 बजे चंडीगढ़ गोल्फ क्लब पहुंचेगी। टीम यहां गोल्फ कोर्स पर खेलेगी। इसके लिए क्लब की ओर से पूरी तैयारियां कर ली हैं। खिलाड़ियों को क्लब की ओर से जरूरी सुविधाएं मुहैया करवा दी जाएंगी।
पीसीए भी पूरी तरह से तैयार
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के सचिव दिलशेर खन्ना ने पिछले दिनों कहा था कि बीसीसीआई ने पीसीए से धर्मशाला टेस्ट से पहले मेहमान इंग्लैंड टीम के लिए तैयार रहने का कहा है। इंग्लैंड टीम अगर चाहेगी तो वह पीसीए स्टेडियम में अभ्यास कर सकती है। इसके लिए हमारी पूरी तैयारी है।