बरवाला। बरवाला में बस स्टैंड के आसपास, डेराबस्सी मार्ग, मौली मार्ग, पंचकूला मार्ग, बरवाला वाया रायवाली, अंबाला पर आजकल रेहड़ी-फड़ी व बहुत से दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण करने से जाम की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। इससे वाहन चालकों व लोगों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में दिवाली पर्व के मौके पर यह समस्या और भी विकराल बन जाएगी। विश्व हिंदू परिषद बरवाला के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि इस समस्या की ओर पीडब्ल्यूडी विभाग, ट्रैफिक पुलिस और ग्राम पंचायत कोई भी उचित कदम नहीं उठा रहा है। इससे वाहन चालकों व लोगों को घंटों जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं अतिक्रमण के चलते सड़कों से गुजरते समय एम्बुलेंस सेवा भी काफी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार व संबंधित विभागों से दिवाली पर्व से पहले तुरंत अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।