चंडीगढ़। पीजीआई इंप्लाइज यूनियन (नॉन फैकल्टी) के बैनर तले कर्मचारी दिवाली के दिन सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में विरोध प्रदर्शन कर काली दिवाली मनाएंगे। कर्मचारियों ने यह निर्णय दिवाली से पहले बोनस भुगतान न किए जाने के विरोध में लिया है। यूनियन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार मुंजाल ने बताया कि वित्त मंत्रालय की ओर से बोनस रिलीज कर दिए जाने के बावजूद पीजीआई प्रशासन भुगतान नहीं कर रहा है। ऐसा 2 साल से लगातार किया जा रहा है। इस संदर्भ में यूनियन ने पीजीआई प्रशासन से कई बार वार्ता करने का प्रयास भी किया, लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ी। अब यूनियन की जनरल बॉडी मीटिंग में यह तय किया गया है कि 14 नवंबर को कर्मचारी रैली ग्राउंड में एकत्र होकर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक विरोध प्रदर्शन कर काली दिवाली मनाएंगे।