-हरियाणा से दिल्ली में पहुंचे 50 हजार से अधिक कर्मचारी
-11 फरवरी को जींद में होगी राज्यस्तरीय ओपीएस संकल्प महारैली
-पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली में पहुंच दिया समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के बैनर तले पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) की मांग के लिए रविवार को देशभर से लाखों कर्मचारियों ने दिल्ली में हुई शंखनाद महारैली में हुंकार भरी। रामलीला मैदान में हुई रैली में हरियाणा से भी 50 हजार के करीब कर्मचारियों ने पहुंचकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि उन्हें ओपीएस के अलावा कुछ भी मंजर नहीं है। 2024 के चुनावों से पहले वह चुप नहीं बैठेंगे और गांव-गांव जाकर वोट फाॅर ओपीएस का अभियान चलाएंगे। वहीं, हरियाणा के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रैली में पहुंचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया और वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर ओपीएस बहाल की जाएगी।
हरियाणा में पेंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न विभागों के कर्मचारी दिल्ली पहुंचे। समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल ने कहा कि 11 फरवरी 2024 को जींद में ओपीएस संख्या महारैली की जाएगी, जिसमें हरियाणा प्रदेश के तमाम विभागों के कर्मचारी व अधिकारी अपनी ताकत दिखाने का काम करेंगे। हिमाचल प्रदेश की तरह हरियाणा में भी ओपीएस बड़ा चुनावी मुद्दा होगा। पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा में लगातार आंदोलन चलाए हुए है। 19 फरवरी को पंचकूला में रैली संघर्ष समिति द्वारा की गई, जहां सरकार द्वारा वाटर कैनन, लाठी चार्ज और आंसू गैस का प्रयोग कर्मचारियों पर किया गया। जिसके बाद सरकार द्वारा तीन बड़े अधिकारियों की कमेटी गठित की गई, लेकिन उसके बाद भी हरियाणा में कोई सकारात्मक परिणाम ओपीएस बहाली को लेकर नहीं आया। जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है।
कांग्रेस सरकार बनने पर पहली कलम से लागू होगी पुरानी पेंशन स्कीम : हुड्डा
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम से जुड़े कर्मचारी सम्मेलन में पहुंचकर समर्थन का एलान किया। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है जो उन्हें मिलना ही चाहिए। सरकार को तुरंत कर्मचारियों की मांग मानते हुए इसे लागू करना चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस शासित राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल में कर्मचारियों को इसका लाभ दिया गया है। हरियाणा में भी कांग्रेस सरकार बनते ही पहली कैबिनेट मीटिंग में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का एलान किया जाएगा।