चंडीगढ़। चंडीगढ़ ग्रांट-इन-एड स्कूल और कॉलेजों के कर्मचारियों ने वीरवार को विभिन्न मांगों को लेकर सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीर साथ रखी और मामले में उनसे हस्तक्षेप की मांग की।यूटी के स्कूल और कॉलेजों के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी, दोनों ने चंडीगढ़ में निजी तौर पर प्रबंधित अनुदान-सहायता वाले कॉलेज और स्कूलों में 29 मार्च 2022 की अधिसूचना के अनुसार केंद्रीय सेवा नियमों और यूजीसी विनियमों को लागू करने की मांग की है। उन्होंने मांग रखी कि गृहमंत्री उनके साथ रहे अन्याय के मामले में हस्तक्षेप करें। उन्हांेने कहा कि अनुदान प्राप्त कॉलेज सबसे अधिक पीड़ित हैं, जिन्हें न तो केंद्रीय सेवा नियम मिले हैं और संशोधित वेतनमान लंबित हैं। कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा, पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद समस्याएं सुनने पहुंचे। शिक्षकों से बात करते हुए मल्होत्रा ने कहा कि वह कर्मचारियों के मुद्दों के समाधान के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ इस मामले को उठाएंगे।