चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 ने मरीजों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और एक्स-रे व इमेजिंग सेवाओं को सुचारु बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अस्पताल प्रशासन ने आदेश जारी किया है कि अब ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी वार्ड और इमरजेंसी एक्स-रे से जुड़े मरीज केवल निर्धारित एरिया में ही जांच के लिए भेजे जाएंगे।
ट्रॉमा और अन्य सभी इमरजेंसी मामलों के एक्स-रे अब एरिया-24, ब्लॉक-ए में किए जाएंगे। वहीं, इमरजेंसी से आए और प्राथमिक उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों के पोस्ट-ऑपरेटिव एक्स-रे या अन्य जांच कमरा नंबर 122, ब्लॉक-डी, लेवल-1 में होंगे। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मरीज को निर्धारित एरिया के बाहर नहीं भेजा जाए और सभी विभागाध्यक्ष व इंचार्ज आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव से इमरजेंसी सेवाओं में अनावश्यक भीड़ कम होगी और मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिल सकेगी। नई व्यवस्था से ट्रॉमा और इमरजेंसी वार्ड का प्रबंधन अधिक कुशल और व्यवस्थित होगा, जिससे मरीजों की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता में सुधार आएगा। इस पहल से अस्पताल में इमरजेंसी मामलों का प्रबंधन आसान और तेज होगा, जबकि रोगियों और स्टाफ दोनों के लिए व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।