खराब मौसम होने के कारण बुधवार को दुबई से अमृतसर आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट की चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। चंडीगढ़ में विमान की लैंडिंग के चलते यात्रियों को अमृतसर पहुंचने में सात घंटे की देरी हुई।
एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग दोपहर बाद तीन बजे कराई गई। इमरजेंसी लैंडिंग होने के कारण लोकल फ्लाइट का शेड्यूल प्रभावित हो गया। यहां पर मुंबई, दिल्ली, बंगलुरू की फ्लाइट दो घंटे देरी से पहुंची। एयरपोर्ट मैनेजर ने बताया कि इमरजेंसी लैंडिंग खराब मौसम के कारण हुई हैं। स्पाइस जेट की इस फ्लाइट में 184 यात्री सवार थे। जिनको वॉया रोड अमृतसर भेजा गया।
स्पाइस जेट विमानन कंपनी की ओर से अमृतसर जाने वाले यात्रियों के लिए इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वोल्वो बस की व्यवस्था की गई। इससे यात्रियों को अमृतसर भेजा गया। इस दौरान यात्रियों का सात घंटे समय अतिरिक्त लगा। इस कारण यात्रियों में रोष था। अमृतसर जाने वाले कुलदीप सिंह ने बताया कि फ्लाइट की लैंडिंग नहीं होने से परेशानी हुई है। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तक रीबन 4 बजे के करीब अमृतसर के लिए 184 यात्रियों को रवाना कर दिया गया। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण स्पाइस जेट की फ्लाइट की लैंडिंग कराई गई हैं। यात्रियों को अमृतसर भेजने की पूरी व्यवस्था एयरलाइंस कंपनी की ओर से की गई है।