सांसद किरण खेर ने कहा कि स्मार्ट सिटी में बिजली के तार अंडरग्राउंड कराए जाएंगे। वह शनिवार को सेक्टर-29 में ट्रैफिक लाइन के साथ बनी नई ग्रीन बेल्ट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थीं। मंच पर पूर्व सांसद सत्यपाल जैन और भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन भी मौजूद रहे। चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद ने बताया कि ढ़ाई एकड़ में यह नई ग्रीन बेल्ट बनी है।
सांसद ने बताया कि पानी की किल्लत दूर करने केलिए उन्होंने फेज-5 और फेज 6 में पानी का विवाद हल करवाया, अब बिजली की किल्लत को दूर कराने की बारी है। उन्होंने कहा कि शहर में तेज हवा चलने पर बिजली के तार टूट जाते हैं।
इसके कारण बिजली के कट लग जाते हैं और शहरवासियों को मुश्किलों से जूझना पड़ता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे ग्रीन बेल्ट में गंदगी न फैलाएं और कचरों को डस्टबिन में डालें। उन्होंने कहा कि बाद में यह कहने का कोई फायदा नहीं की वार्ड पार्षद ने कुछ नहीं किया।
महिलाओं और बच्चों में सांसद किरण खेर के साथ फोटो खिंचवाने का अभियान चला। इसके साथ ही भाजपा के कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए। मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन उसने अव्यवस्था को कंट्रोल नहीं किया। 200 से ज्यादा लोगों ने सांसद के साथ फोटो खिंचवाए। मंच के पास एक व्यक्ति शराब पीकर घूम रहा था।
एसोसिएशन के पदाधिकारी सम्मानित
इस मौके पर वार्ड पार्षद सतीश कैंथ ने अपने एरिया के 100 से ज्यादा रेजिडेंट्स के नाम लेकर उन्हें खुश करने का प्रयास किया। जबकि एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पार्क बनाने वाले अधिकारियों को सांसद से सम्मानित भी करवाया।
इस मौके पर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहन सिंह संधू ने टेनेमेंट कालोनी के निवासियों का मालिकाना हक दिलवाने के साथ ही वन रैंक वन पेंशन का मामला सांसद में उठाने की मांग किरण खेर से की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा पार्षद दल के नेता अरुण सूद, सीनियर डिप्टी मेयर राजेश गुप्ता, पूर्व मेयर राजबाला मलिक, देवेश मौदगिल, , राजेंद्र कौर रत्तू, हरदीप सिंह, सतप्रकाश अग्रवाल, मनोनीत पार्षद डा. शगुफ्ता प्रवीण, एमपी कोहली, सुरेंद्र बग्गा, कांग्रेस पार्षद दर्शन गर्ग, मुकेश बस्सी, युवा इनोवेटिव सोसाइटी के चेयरमैन सचिन शर्मा, सहदेव, शक्ति प्रकाश देवशाली, प्रदीप बंसल, देवी सिंह आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे। मंच का संचालन 14 साल की संजना ने किया। सांसद ने उसे भी सम्मानित किया।