पंजाब विधानसभा चुनाव-2017 भी पेड न्यूज की शिकायतों से अछूता नहीं रहा। चुनाव आयोग के पास 107 शिकायतें पहुंची, जिन्हें लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। सभी बड़े सियासी दलों के ज्यादातर नेताओं के खिलाफ चुनाव आयोग के समक्ष कुल 107 शिकायतें पहुंचीं।
विज्ञापन
हालांकि इनमें से 23 शिकायतें सही नहीं पाई गईं, लेकिन बाकी सभी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए आयोग ने पेड न्यूज की जांच की, फिर संबंधित समाचार पत्र में प्रति कॉलम विज्ञापन दर का अध्ययन कर प्रत्याशी की ओर से जितनी बड़ी खबर छपवाई गई, उसे प्रति कॉलम विज्ञापन रेट से नापकर संबंधित प्रत्याशी के चुनाव खर्च में सारी रकम जोड़ दी गई।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार विधानसभा चुनाव में कार्यालय को मिली कुल 107 शिकायतों में से कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ 43, शिअद और आम आदमी पार्टी के खिलाफ 22-22, भाजपा के खिलाफ 4, बसपा के खिलाफ दो, अपना पंजाब पार्टी के खिलाफ एक और निर्दलीय प्रत्याशियों के खिलाफ पेड न्यूज की 13 शिकायतें पहुंचीं।
विज्ञापन
इनमें कांग्रेस के खिलाफ 11, आप के खिलाफ 3, शिअद के खिलाफ 6, बसपा के खिलाफ एक और निर्दलीय के खिलाफ दो शिकायत सही नहीं पाई गईं।
पेड न्यूज को विज्ञापन मान प्रत्याशी के खाते में जोड़ा खर्च
पंजाब विधानसभा चुनाव 2017
शिअद प्रत्याशी सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ शिकायत को सही नहीं पाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लंबी में अपने हक में खबर छपवाने के दोषी पाए गए और आयोग ने खबर के आकार के हिसाब से 24000 रुपये उनके चुनाव खर्च में जोड़ दिए। शिअद के कुछ अन्य प्रत्याशियों में ऐसे भी रहे, जिन पर पेड न्यूज के लिए भारी भरकम खर्च लाद दिया गया।
सुलतानपुर लोधी से डॉ. उपिंदरजीत कौर के चुनाव खर्च में आयोग ने 36960 रुपये पेड न्यूज के जोड़ दिए। जबकि मानसा से जगदीप सिंह नकई के खिलाफ पेड न्यूज की पांच शिकायतों के सही पाए जाने पर 6372 रुपये उनके खर्च में जोड़े गए। गिदड़बाहा से शिअद प्रत्याशी हरदीप सिंह पर 10400 रुपये खर्च लगाया गया। धर्मकोट से तोता सिंह को पेड न्यूज के लिए 2772.90 पैसे का चुनाव खर्च पड़ा।
सुरजीत सिंह रखड़ा, गुरबचन सिंह बब्बेहाली और सोहन सिंह ठंडल के खिलाफ पेड न्यूज की शिकायतें गलत पाई गईं। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशियों में राजा वड़िंग के खिलाफ छह शिकायतें आई, जिनमें उन पर 4632 रुपये का खर्च जोड़ा गया।
वहीं कपूरथला से कांग्रेस के राणा गुरजीत सिंह के चुनाव खर्च में आयोग ने 20 हजार रुपये जोड़े, जबकि सुलतानपुर लोधी से नवतेज सिंह चीमा पर 26400 रुपये का खर्च डाला गया। जैतों से मोहम्मद सदीक भी पेड न्यूज के दोषी पाए गए और उन्हें पेड न्यूज 4800 रुपये में पड़ी।
वहीं, अश्वनी सेखड़ी, अंगद सिंह, दर्शन लाल, एसएस गिलचियां, राजिंदर सिंह के खिलाफ एक या एक से अधिक पेड न्यूज की शिकायतें पहुंची। भाजपा ने शिअद के साथ गठबंधन में 23 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे, लेकिन उसके चार प्रत्याशियों के खिलाफ पेड न्यूज की शिकायतें सही पाई गईं।
फाजिल्का में सुरजीत ज्याणी के खिलाफ दो शिकायतों में ज्याणी ने आयोग से कहा कि पेड न्यूज का खर्च केवल 3000 रुपये बनता है, लेकिन आयोग ने जब विज्ञापन दर से हिसाब लगाया तो ज्याणी के चुनाव खर्च में 14000 रुपये जोड़ दिए गए। भोआ से सीमा कुमार और पठानकोट से अश्वनी शर्मा के खिलाफ भी पेड न्यूज के आरोप सही पाए गए।
आप प्रत्याशी को महंगी पड़ी पेड न्यूज
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के खिलाफ पहुंची कुल 22 शिकायतों में से तीन गलत पाई गईं, लेकिन प्रत्येक पेड न्यूज का आकलन विज्ञापन दर से करने में होशियारपुर के आप प्रत्याशी परमजीत सिंह सचदेवा के खिलाफ दो शिकायतों पर कुल 61500 रुपये चुनाव खर्च में जुड़ गए, जोकि सबसे ज्यादा रकम है। दूसरी बड़ी रकम 46000 रुपये मुक्तसर से निर्दलीय प्रत्याशी शिवराज के चुनाव खर्च में जोड़ी गई।